उत्तराखंड में 108 एंबुलेंस सेवा को अब मोबाइल ऐप से जोड़ा जा रहा है, जिससे मरीज और उनके परिजन घर बैठे एंबुलेंस की लाइव लोकेशन ट्रैक कर सकेंगे। इससे उन्हें एंबुलेंस की स्थिति जानने के लिए बार-बार फोन नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा को अधिक जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए थे, जिसके तहत एंबुलेंस संचालन की डिजिटल निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।

प्रदेश में 108 सेवा के तहत 269 एंबुलेंस संचालित हैं और इन सभी को एप से कनेक्ट किया जा रहा है। नई व्यवस्था में सेवा का आकलन केवल औसत रिस्पांस टाइम के आधार पर नहीं होगा। प्रत्येक केस में एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में लगे वास्तविक समय का विश्लेषण किया जाएगा, जिससे उन क्षेत्रों की पहचान हो सकेगी जहां एंबुलेंस पहुंचने में अधिक समय लग रहा है। देरी के कारणों का पता लगाकर सेवा में सुधार किया जा सकेगा।

तीन लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी 65 पुरानी एंबुलेंस को हटाकर उनके स्थान पर नई एंबुलेंस लाई जाएंगी, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर एंबुलेंस के जरिये अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।

महानिदेशक स्वास्थ्य डा. सुनीता टम्टा ने बताया कि एंबुलेंस आवंटित होते ही मरीज के परिजनों को मोबाइल पर वाहन का नंबर, चालक का नाम और लाइव ट्रैकिंग लिंक भेजा जाएगा। लिंक खोलते ही एंबुलेंस की लोकेशन दिखाई देगी। आगे इस व्यवस्था को वाट्सएप चैटबॉट और क्यूआर कोड आधारित सुविधा से जोड़ने की तैयारी है। तमिलनाडु में ‘अवसरम 108’ और असम में ‘असम सिटीजन’ ऐप से एंबुलेंस बुक करने और उसकी लोकेशन ट्रैक करने की व्यवस्था है।