दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 180 स्थानों पर 540 पब्लिक ईवी चार्जर लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब 62 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नोडल एजेंसी दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (डीटीएल) ने आपरेटर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एक ही स्थान पर दो पहिया वाहनों से लेकर कार और व्यवसायिक वाहन तक चार्ज हो सकेंगे। इसके लिए प्रत्येक चयनित स्थान पर तीन तरह के चार्जर लगेंगे। दो पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए 12 किलोवाट का, एन1 मालवाहक और चार पहिया वाहनों के लिए 60 किलोवाट का चार्जर लगेगा। साथ ही 120 किलोवाट फास्ट चार्जर की भी सुविधा होगी।
पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली में 90 तथा दक्षिणी, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में 90 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनेंगे। दिल्ली ईवी नीति 2026 के अंतर्गत 1 जनवरी, 2027 से सिर्फ इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और इलेक्ट्रिक एन1 मालवाहक का नया पंजीकरण होगा। वहीं, 1 अप्रैल 2028 से सिर्फ इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहनों का पंजीकरण किया जाएगा। इससे पब्लिक चार्जिंग की मांग तेजी से बढ़ेगी।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिसंबर 2029 तक दिल्ली में 32,062 चार्जिंग पाइंट स्थापित करने का लक्ष्य दिया है। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन का बड़ा योगदान है और इलेक्ट्रिक वाहनों से इसमें सुधार होने की उम्मीद है। लोग इलेक्ट्रिक वाहन खरीदें, इसके लिए चार्जिंग की समस्या दूर करनी होगी।
