प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों से संसद के अगले सत्र की तैयारियां 15 दिसंबर से पहले पूरी करने को कहा है। बुधवार को कैबिनेट बैठक में संसद के अगले सत्र पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, मोदी ने कहा कि सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाना चाहिए। हालांकि, सत्र की तारीख और अवधि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति तय करेगी। मंत्रियों को सत्र से पहले विदेश यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है।
सूत्रों के अनुसार सरकार परिसीमन बिल ला सकती है। लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने की तैयारी है। लोकसभा में अभी 543 सांसद हैं, जिनमें 3 सीटें खाली हैं। इनमें NDA के 318 सांसद हैं। बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई यानी 360 वोट चाहिए। डीएमके के 22 सांसद समर्थन देते हैं तो पक्ष में 340 सांसद हो जाएंगे, यानी भाजपा को लगभग 20 सांसदों की और जरूरत होगी। राज्यसभा में 245 सीटें हैं, जिनमें 3 खाली हैं। 240 में से NDA के 153 सांसद हैं। यहां बिल के लिए 162 सांसद चाहिए, यानी छोटी पार्टियों के 9 सांसदों की जरूरत पड़ेगी।
पिछले सत्र के बाद से लोकसभा में समीकरण बदले हैं। डीएमके 'इंडिया' गठबंधन से औपचारिक रूप से अलग हो गई है। टीएमसी में बड़ी बगावत हुई और 21 सांसद टूटकर एनसीपीआई में शामिल हो गए। शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों ने पाला बदलकर अलग गुट बनाया और NDA को समर्थन दिया। सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार डीएमके से समर्थन जुटाने के लिए बातचीत कर रही है। तमिलनाडु चुनाव के बाद डीएमके का कांग्रेस से अलगाव हो चुका है और इसके बाद वह इंडिया ब्लॉक से भी अलग हो गई। सरकार कुछ छोटे दलों के संपर्क में भी है ताकि सदन में अपना संख्या बल मजबूत किया जा सके।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन 103 दिन बाद भी मानसून सत्र औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ था। इससे पहले 2008 में संसद का सत्र 87 दिन तक बिना औपचारिक समापन के रहा था। मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था। इससे पहले सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण को पास कराने के लिए 15 से 17 अप्रैल तक तीन दिन का विशेष सत्र बुलाया था, लेकिन बिल पास नहीं हो सका। तब उपस्थित 528 सांसदों में 298 पक्ष और 230 विपक्ष में वोट पड़े। दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोट चाहिए थे, इस तरह बिल 54 वोट से गिर गया।
