नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम का ऐलान कर दिया गया है। यह सीरीज 9 दिसंबर से शुरू होगी। पैट कमिंस की कप्तानी वाली इस टीम में जैक क्लेटन और कोरी रोचिचिओली को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। फिलहाल टीम में 13 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जबकि शेफील्ड शील्ड के छठे राउंड के बाद एक और खिलाड़ी के नाम की घोषणा की जाएगी।

क्वींसलैंड के 27 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज क्लेटन को शेफील्ड शील्ड में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। इस सीजन उन्होंने नौ पारियों में 74.83 की औसत से 449 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 40.17 की औसत से 2,732 रन, सात शतक और 16 अर्धशतक दर्ज हैं। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के 29 साल के ऑफ स्पिनर रोचिचिओली को भी घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन की वजह से मौका मिला है। उन्होंने इस सीजन शेफील्ड शील्ड में 33.88 की औसत से 18 विकेट लिए हैं, जबकि 59 फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम कुल 205 विकेट और छह बार एक पारी में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड है।

टीम के प्रमुख स्पिनर नाथन लायन को ड्रॉप कर दिया गया है। टेस्ट में उनके नाम 577 विकेट हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट में उन्होंने 43.66 की औसत से छह विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलिया के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा कि हाल के मैचों में नाथन गेंद के साथ उतना असर नहीं डाल पाए हैं, जितनी उम्मीद थी। उन्होंने यह भी कहा कि लायन का रिकॉर्ड शानदार रहा है और उनका अनुभव, जानकारी और स्किल आगे चलकर टीम के लिए काफी काम आ सकते हैं।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट में खेलने वाली टीम से मार्नस लाबुशेन, ब्यू वेबस्टर, कूपर कॉनॉली और मैथ्यू कुहनेमन को भी बाहर किया गया है। आखिरी मैच से पहले रिलीज किए गए निक मैडिनसन और सैम हार्पर की टीम में वापसी नहीं हुई है। लाबुशेन ने साउथ अफ्रीका सीरीज में छह पारियों में 131 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम इस प्रकार है: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, कोरी रोचिसिओली, स्टीव स्मिथ और मिचेल स्टार्क।