क्राइस्टचर्च में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया को पहली सफलता दूसरे ही ओवर में मिल गई। न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा परेशान करने वाले बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स पवेलियन लौटे। उन्हें अंशुल कंबोज ने अपनी दूसरी ही गेंद पर आउट किया।
दिन का पहला ओवर जसप्रीत बुमराह ने डाला, जबकि दूसरा ओवर अंशुल कंबोज को दिया गया। कंबोज की ऑफ स्टंप से बाहर जाती स्विंग गेंद को फिलिप्स ने डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों में चली गई। फिलिप्स ने 36 रनों की पारी खेली और छठे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।
मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने 5 विकेट चटकाए थे। ब्लंडेल के साथ मिलकर फिलिप्स ने 63 रनों की साझेदारी की थी। 25 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज का यह इस मैच में दूसरा विकेट रहा। उन्होंने पहले दिन तीसरे नंबर पर उतरे हेनरी निकोल्स का विकेट भी लिया था। इस पारी में उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद से भारत के लिए गेंदबाजी की है।
भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर ग्लेन फिलिप्स का बल्ला लगातार चल रहा है। पहले टेस्ट में शतक लगाने से पहले उन्होंने टी20 सीरीज में भी शतक ठोका था। पहले टेस्ट की पहली पारी में शतक के बाद दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 26 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराने में मदद की थी, जिस दौरान उन्होंने 121 गेंदों का सामना किया। 5 मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने 341 रन ठोके और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, जहां उनका औसत 113.67 और स्ट्राइक रेट 185 का रहा।
