बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी की खबरों के बीच राजनीतिक तनाव चरम पर बना हुआ है। देश में आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार को कालिया नगरपालिया में हुई हिंसा में करीब 50 घर जल गए। यह हिंसा बीएनपी के दो कार्यकर्ताओं की मौत के बाद भड़की। बांग्लादेशी प्रधानमंत्री तारिक रहमान इशारों में सारा दोष भारत पर मढ़ रहे हैं। आवामी लीग के कई नेताओं की संपत्तियों को भी आग लगाई गई है।

इसी बीच खबर है कि शेख हसीना की वापसी का रास्ता तलाशा जाने लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत-बांग्लादेश सीमा पार करने के लिए उपयुक्त जगह तलाशने हेतु आवामी लीग के चार सीनियर नेता जल्द पेट्रापोल बॉर्डर जा सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार ये नेता रविवार सुबह 9 बजे कोलकाता के लिए निकलेंगे और अगले दो से तीन दिन में त्रिपुरा के अगरतला बॉर्डर पर जाएंगे। पार्टी के लोग एक से ज्यादा रास्तों की तलाश में हैं, हालांकि यह नहीं बताया गया है कि शेख हसीना कब बांग्लादेश लौट सकती हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत आने वाले नेताओं में जहांगीर कबीर नानक और मुजफ्फल हुसैन चौधरी माया शामिल हैं। इसके अलावा पार्टी के संयुक्त महासचिव एएफएम बहाउद्दीन नसीम और पूर्व सांसद अलाउद्दीन अहमद चौधरी नासिम भी भारत आ रहे हैं। ये सभी नेता शेख हसीना के करीबी माने जाते हैं।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में सरकार विरोधी हिंसा और तख्तापलट के बाद शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत आई थीं। इसके बाद आवामी लीग के नेताओं के साथ बदसलूकी की गई और हिंदू अल्पसंख्यकों की हत्या का दौर शुरू हुआ। देश की कमान अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस को दी गई, लेकिन कानून व्यवस्था संभालने में वह नाकाम साबित हुए। फरवरी में बांग्लादेश में आम चुनाव हुए, जिनमें बीएनपी की जीत हुई और तारिक रहमान प्रधानमंत्री बने। शेख हसीना ने बांग्लादेश वापसी का ऐलान किया तो वहां बवाल शुरू हो गया। बांग्लादेशी प्रधानमंत्री ने दो दिन पहले संसद में कहा था कि अगर आवामी लीग सिर उठाएगी तो उसे कुचल दिया जाएगा। बीएनपी सरकार ने शेख हसीना की वापसी के लिए दस्तावेज देने से इनकार कर दिया है और कहा है कि उन्हें कानून का पालन करना होगा। शेख हसीना की वापसी पर गिरफ्तारी का भी खतरा है। प्रदर्शनों के दौरान हत्या का आदेश देने और लोगों को उकसाने के आरोप में एक ट्राइब्यूनल ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी, जबकि जमीन घोटाले के आरोप में 21 साल कैद की सजा सुनाई गई है।