पाकिस्तान के सिंध प्रांत के उमरकोट से करीब एक महीने पहले अगवा की गई 13 वर्षीय हिंदू लड़की कल्पना मेघवार पंजाब प्रांत के बहावलपुर में मिली है। रिपोर्ट के अनुसार, लड़की को बहावलपुर की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे दारुल अमान (सुरक्षा गृह) भेज दिया और अगले आदेश तक सुरक्षित जगह पर रखने का निर्देश दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी हिंदू कार्यकर्ता शिवा कच्छी ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिये लड़की के मिलने की पुष्टि की। कच्छी ने सिंध सरकार, पंजाब सरकार, सिंध के पुलिस महानिरीक्षक जावेद आलम ओधो, पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक राव अब्दुल करीम और संबंधित पुलिस अधिकारियों से इस मामले पर तुरंत ध्यान देने की अपील की है।
कार्यकर्ता ने लड़की के भविष्य, शिक्षा, सुरक्षा और मानवाधिकारों को सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की कि पीड़िता का बयान एक सक्षम न्यायिक मंच के सामने स्वतंत्र माहौल में दर्ज किया जाए, ताकि वह बिना किसी दबाव या डर के अपनी बात कह सके। साथ ही लड़की को उसके माता-पिता को सौंपने की व्यवस्था करने की मांग भी की गई है।
