हैदराबाद पुलिस ने 26/11 जैसे आतंकी हमले की धमकी वाले ईमेल के बाद शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी है। यह धमकी लश्कर-ए-तैयबा के नाम से आई है, जिसमें आतंकी लतीफ भट की मौत का बदला लेने की बात कही गई है।
हैदराबाद में 21 नवंबर को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने रविवार को पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार को स्पेशल ब्रांच की ओर से सभी पुलिस थानों को अलर्ट जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि विभाग को लश्कर-ए-तैयबा के नाम से ईमेल मिला है। ईमेल भेजने वाले ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी लतीफ भट के मारे जाने का बदला लेने के लिए हैदराबाद में 26/11 जैसा आतंकी हमला करने की धमकी दी है।
ईमेल में कहा गया है कि भारतीय सेना द्वारा उनके सरगना भट और उसके साथियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के जवाब में सैकड़ों लोगों की जान लेने के इरादे से काचीगुडा स्थित होटल टूरिस्ट प्लाजा और काचीगुडा रेलवे स्टेशन पर बम धमाके किए जाएंगे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस ईमेल के बाद पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है और सभी थानों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। धमकी में बताए गए ठिकानों के साथ-साथ कई अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों की भी गहन तलाशी ली गई, लेकिन कहीं से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
हैदराबाद पुलिस ने रविवार को एक बयान में कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संदिग्ध स्थानों पर एंटी-सैबोटाज जांच की गई है और पुलिस की मौजूदगी व गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने बताया कि धमकी भरा ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है। बयान में नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत 112 डायल करके पुलिस को सूचना दें।
