बागपत सहकारी चीनी मिल में बुधवार सुबह 1.5 मेगावाट क्षमता की टरबाइन नंबर दो धमाके के साथ फट गई। इससे बिजली उत्पादन ठप हो गया और मिल बंद हो गई, जिससे गन्ना पेराई रुक गई है। घटना के समय टरबाइन के पास काम कर रहे करीब एक दर्जन कर्मचारी बाल-बाल बच गए।
मिल में गन्ना पेराई का शुभारंभ चार नवंबर को हुआ था, लेकिन बीच-बीच में टरबाइन खराब होने के कारण पेराई 12 नवंबर को ही शुरू हो पाई थी। बताया जाता है कि यह टरबाइन बेंगलुरु की त्रिवेनी टरबाइन लिमिटेड से मरम्मत कराकर लाई गई थी, जिस पर करीब एक करोड़ रुपये का खर्च हुआ था। मरम्मत के करीब दो सप्ताह के भीतर ही टरबाइन फट गई।
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने मिल का दौरा कर टरबाइन की जानकारी ली और अधिकारियों को खराबी जल्द दूर कर मिल चालू कराने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने किसानों का गन्ना अन्य चीनी मिलों में डायवर्ट कराने के निर्देश दिए। मिल में गन्ना लेकर आए किसानों का गन्ना तौल कर ढेर लगा दिया गया और उन्हें घर भेज दिया गया, जबकि गन्ना लदे ट्रकों को बागपत मिल से रमाला मिल के लिए भेजा गया।
मिल अभी दस-पंद्रह दिन तक चलने की उम्मीद नहीं है। टरबाइन फटने से करीब 21 हजार किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिल के जीएम प्रदीप कुमार ने कहा कि टरबाइन की मरम्मत कराकर जल्द मिल चालू कराने का प्रयास किया जाएगा।
