जम्मू-कश्मीर में सभी सक्रिय स्थानीय आतंकियों के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब 65 पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश कर रही हैं। सुरक्षा प्रतिष्ठान के अधिकारियों के मुताबिक, इनमें 35 आतंकी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और 25 जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े हैं, जबकि बाकी दूसरे प्रतिबंधित संगठनों के हैं। इनकी मौजूदगी की पुष्टि अलग-अलग खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर हुई है। आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट 18 नवंबर को कुलगाम जिले में मुठभेड़ में मारा गया था। उसे पकड़ने के लिए आठ दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर में कोई सक्रिय स्थानीय आतंकी सूचीबद्ध नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में सक्रिय आतंकियों की अनुमानित संख्या 2024 में 91 थी, जिसमें विदेशी और स्थानीय दोनों आतंकी शामिल थे। अब यह संख्या करीब 65 रह गई है, जिसमें केवल पाकिस्तानी आतंकी शामिल हैं। इनकी मौजूदगी जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा पर खास नजर रख रही हैं। जम्मू के कुछ इलाकों में पाकिस्तान मूल के आतंकी अब भी सक्रिय हैं, जिनमें घने जंगलों और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी इलाकों वाले दूरदराज जिले शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि 65 आतंकियों का आंकड़ा कई एजेंसियों की आकलन रिपोर्ट पर आधारित है और आतंकी लगातार अपनी जगह बदलते रहते हैं, इसलिए यह आंकड़ा बदलता रहता है।
पाकिस्तान स्थित JeM और LeT को कई बड़े हमलों के लिए जिम्मेदार माना गया है, जिनमें 2001 का भारतीय संसद हमला, 2016 का उरी हमला और 2019 का पुलवामा विस्फोट शामिल हैं। ये संगठन सीमा पार से मिलने वाली मदद के सहारे काम करते हैं और घुसपैठ के लिए लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) से लगे रास्तों का इस्तेमाल किया जाता है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और उग्रवाद का दौर 1980 के दशक के आखिर से जारी है। अधिकारियों ने बताया कि विदेशी आतंकियों को खत्म करने के लिए कई एजेंसियां मिलकर खुफिया इनपुट के आधार पर ऑपरेशन चला रही हैं। इसका एक उदाहरण किश्तवाड़ में सैफुल्लाह के नेतृत्व वाले JeM के सात आतंकियों का खात्मा है, जो अप्रैल 2024 में घुसपैठ कर जम्मू-कश्मीर आया था और 22 फरवरी को छत्रू इलाके में ऑपरेशन त्राशी-I के दौरान कई अभियानों के बाद खत्म किया गया।
सक्रिय आतंकियों की संख्या घटने के बावजूद सुरक्षा एजेंसियां घुसपैठ रोकने, मददगार नेटवर्क की पहचान करने और दूरदराज इलाकों में सक्रिय विदेशी आतंकियों की निगरानी पर ध्यान दे रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, 2022 में जम्मू-कश्मीर में कुल 135 आतंकी सक्रिय थे, जिनमें 85 विदेशी और 50 स्थानीय आतंकी थे। 2023 में सक्रिय आतंकियों की संख्या में करीब 48.35 प्रतिशत की कमी आई थी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 18 नवंबर को उधमपुर स्थित शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में पासिंग-आउट परेड को संबोधित करते हुए भरोसा जताया था कि यह क्षेत्र जल्द आतंकवाद मुक्त होगा और केंद्र शासित प्रदेश में अब केवल कुछ विदेशी आतंकी बचे हैं। सरकार ने आतंकवाद खत्म करने और जम्मू-कश्मीर में शांति सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
