पश्चिम बंगाल में क्रिसमस से पहले मिशनरी स्कूलों में कथित धर्मांतरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य के भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य द्वारा मिशनरी स्कूलों को बंद करने की चेतावनी के बाद अब राज्य के मंत्री अर्जुन सिंह ने भी विवादित बयान दिया है। उन्होंने ईसाई धर्म और इस्लाम दोनों को देश के लिए खतरा बताया है। मंगलवार को दिए एक बयान में उन्होंने कहा कि गरीब हिंदुओं को पैसे का लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन किया जा रहा है।

नॉर्थ 24 परगना में पत्रकारों से बात करते हुए अर्जुन सिंह ने शमिक भट्टाचार्य की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गरीब लोगों के बच्चों को पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसाई पैसे देकर और मुसलमान जबरदस्ती धर्मांतरण करा रहे हैं। सिंह ने सभी मठों और आश्रमों के प्रमुखों से हाथ जोड़कर अपील की कि वे आर्थिक कठिनाई के कारण धर्म परिवर्तन कर रहे परिवारों के साथ खड़े हों। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण रुकना चाहिए और देश के हिंदुओं को मिटाने की साजिश चल रही है।

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने रविवार को बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य के ईसाई मिशनरी स्कूलों को बंद करने की धमकी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि इनमें से कुछ स्कूल भारत विरोधी गतिविधियों और जबरन धर्मांतरण में लिप्त पाए गए हैं, हालांकि उन्होंने किसी संस्थान का नाम नहीं लिया। भट्टाचार्य ने आसनसोल में धर्मांतरण होने का दावा किया और कहा कि ईसाई मिशनरी संस्थान स्वेच्छा से अपने धर्म का प्रचार कर सकते हैं, लेकिन प्रलोभन देकर और हिंदू जीवन शैली के खिलाफ जबरन ऐसा करने पर स्कूल चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कलकत्ता के एक प्रतिष्ठित स्कूल पर आरोप लगाया कि एक भाजपा कार्यकर्ता से कहा गया कि वह भगवा साड़ी पहनकर परिसर में प्रवेश नहीं कर सकती और छात्रों के सामने भगवान कृष्ण का नाम न ले। भट्टाचार्य ने यह भी दावा किया कि कोलकाता के एक स्कूल के अधिकारी ने अपने रूम की मेज पर पाकिस्तानी झंडा रखा था।

इन सब के बीच बंगाल क्रिश्चियन काउंसिल ने सोमवार को राज्य भर में कई चर्चों पर हुए हमलों की निंदा की और क्रिसमस से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात का समय मांगा है। काउंसिल के अध्यक्ष रेवरेंड परितोष कैनिंग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि 9 जगहों पर पादरियों और श्रद्धालुओं पर हमला किया गया, चर्चों और क्रॉस में तोड़फोड़ की गई और ईसाई परिवारों को डराया-धमकाया गया है। उन्होंने बताया कि ये घटनाएं साउथ 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, नादिया, पूर्व बर्धमान, मालदा और हावड़ा जैसे जिलों में हुई हैं। शमिक भट्टाचार्य के धर्मांतरण और भगवा साड़ी से जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उनके द्वारा संचालित किसी भी स्कूल में जबरन धर्मांतरण नहीं होता और शिक्षकों के लिए कोई ड्रेस कोड नहीं है। उन्होंने कहा कि वे भट्टाचार्य का व्यक्तिगत रूप से सम्मान करते हैं और उनसे मिलकर अपना पक्ष रखना चाहते हैं।