पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गोवंश संरक्षण को लेकर बड़ा एलान किया है। सोमवार को नवान्न में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने बताया कि राज्य में गोहत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसे रोकने के लिए सरकार नया विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले से पशु वध नियंत्रण कानून लागू है, लेकिन कुछ जगहों पर चोरी-छिपे गोहत्या की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी और 1950 के पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण कानून को सख्ती से लागू किया जाएगा।

गोकुल मिशन के तहत बुजुर्ग और बीमार गायों की देखभाल, इलाज और पालन-पोषण करने वाली गोशालाओं को सालाना अधिकतम एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। दुधारू पशुओं की खरीद के लिए भी सहायता देने का प्रावधान किया गया है। योजना की विस्तृत जानकारी पशुपालन विभाग जारी करेगा।

बैठक में रोजगार से जुड़े कई अहम फैसले भी लिए गए। अलग-अलग सरकारी विभागों में 10,146 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है, जिनमें पुलिस और ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स के 9,250 पद शामिल हैं। इनके तहत 650 सब-इंस्पेक्टर, 8,000 कांस्टेबल और 600 राइफलमैन की नियुक्ति होगी। एंटी-नारकोटिक्स विभाग में 48 और साइबर क्राइम विभाग में 160 पद भरे जाएंगे। पंचायत, ग्रामीण विकास, पर्यटन और शहरी विकास विभागों में भी भर्ती होगी। सरकार का लक्ष्य एक लाख रोजगार के अवसर पैदा करना है। नई भर्ती परीक्षाओं में आवेदन और परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बताया कि जनवरी 2027 से पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली बिल मिलेगा और मीटर की रीडिंग भी हर महीने होगी। अभी तीन महीने में एक बार बिल जारी होता है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें पंचायत कानून, भूमि सुधार और श्रमिक सुरक्षा से जुड़े आठ विधेयक पेश करने की तैयारी है। गोहत्या पर प्रस्तावित कानून और बाकी योजनाओं का अंतिम स्वरूप सरकारी विधेयकों और दिशा-निर्देशों के बाद स्पष्ट होगा।