पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंगा' करने का ऐलान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को किया। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव रखा जाएगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा। यह फैसला मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। बैठक के बाद अधिकारी ने कहा कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।

भाजपा के अनुसार, नाम बदलने का मुख्य तर्क राज्य की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखना है। पार्टी का कहना है कि 1947 में बंगाल के बंटवारे के बाद इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा और पश्चिम बंगाल राज्य बना, तथा 'पश्चिम बंगा' नाम इस इतिहास और राज्य के गठन से जुड़ी पहचान को दर्शाता है। पार्टी के कुछ नेताओं ने 'बांग्ला' नाम पर भी आपत्ति जताई थी, क्योंकि यह बांग्लादेश के नाम से मिलता-जुलता है। 'पश्चिम बंगा' नाम पहले भी 1999 और 2011 में प्रस्तावित किया जा चुका है।

राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया में राज्य सरकार प्रस्ताव तैयार करती है, जिसे केंद्रीय गृह मंत्रालय जांच के लिए विचार करता है और जरूरत के मुताबिक संबंधित मंत्रालयों से राय लेता है। केंद्र सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति संबंधित राज्य की विधानसभा से राय मांगते हैं, जिसे तय समय में देनी होती है। इसके बाद विधेयक लोकसभा और राज्यसभा में पेश किया जाता है और दोनों सदनों से साधारण बहुमत से पारित होना जरूरी है। दोनों सदनों से पास होने के बाद विधेयक राष्ट्रपति के पास जाता है और उनकी मंजूरी मिलने पर यह कानून बन जाता है तथा राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदल जाता है।

बता दें कि देश में अब तक 6 राज्यों के नाम बदल चुके हैं। आखिरी बार 2026 में केरल का नाम बदलकर केरलम किया गया था।