पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अर्जुन सिंह ने पड़ोसी देश बांग्लादेश पर कब्जा करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि बांग्लादेश में हिंदुओं की मौत का बदला लिया जाएगा। मंगलवार को उन्होंने कहा, '16 दिसंबर तक बांग्लादेश ले लेंगे हम लोग। बहुत हो गया है। बांग्लादेश के पास अब कोई बहाना नहीं है। बांग्लादेश में जिस तरह से हिंदू निधन हुआ है, उसका बदला तो हम लेंगे ही।' हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
गौरतलब है कि 16 दिसंबर की तारीख दोनों देशों के लिए खास है। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने ढाका लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली के मुताबिक, हसीना ने संकेत दिया है कि उनकी वापसी विजय दिवस पर होगी, जो 1971 के मुक्ति संग्राम के समापन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। हसीना 2024 से भारत में रह रही हैं और लौटकर कानूनी कार्यवाही का सामना करने को तैयार हैं। बीते कुछ सप्ताह से बांग्लादेश में हिंसा का दौर जारी है।
बांग्लादेश सरकार ने हसीना को विमान से वापस बुलाए जाने के अनुरोध को खारिज कर दिया है। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्हें केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है। मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि बांग्लादेशी क्षेत्र में प्रवेश करते ही हसीना को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना और प्रसारण सलाहकार जाहिद उर रहमान ने कहा कि हसीना आएंगी या नहीं, यह उनसे चर्चा का विषय नहीं है, बल्कि इस पर भारत के साथ बात होगी। उन्होंने कहा कि एक गंभीर अपराधी अपने सहयोगियों के साथ भारत में है और उसे दोषी ठहराया जा चुका है।
