भोपाल में बोर्ड ऑफिस के पास स्थित कीलन देव टावर्स की दसवीं मंजिल पर शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे आग लग गई। आग से पेंटहाउस में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया और धुआं आसपास के फ्लैटों में भर जाने से रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, टावर के सी ब्लॉक में कुल 52 फ्लैट हैं। इसी इमारत की दसवीं मंजिल पर मेडिकल काउंसिल का गेस्ट हाउस भी है, जबकि हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन उसी फ्लोर पर स्थित दूसरे पेंटहाउस में रहते हैं। आग की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए नगर निगम के फायर कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद यातायात पार्क सहित अन्य फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किए गए। रहवासियों के बीच दमकल के देर से पहुंचने को लेकर भी चर्चा रही।
नगर निगम के फायर ऑफिसर सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर भेजे गए थे। टावर में हाइड्रोलिक सिस्टम लगा होने के कारण आग पर काबू पाने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई और दमकलकर्मियों ने पानी की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया। फ्लैटों में धुआं भरने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने के दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग लगने के बाद टावर के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोग आग की लपटों तथा धुएं का वीडियो बनाते नजर आए। आग कैसे लगी, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो पाई है। शॉर्ट सर्किट का अंदाजा लगाया जा रहा है।
