मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें पटना की जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की परियोजना और नालंदा, समस्तीपुर व शेखपुरा में औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 1,295 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के फैसले शामिल हैं।

राजधानी पटना में अमृत 2.0 के तहत 1,794 करोड़ 32 लाख रुपये की जलापूर्ति परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इससे शहर के 75 वार्डों के 2.18 लाख से अधिक घरों को फायदा मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत गंगा नदी में दो इंटेक वेल बनाए जाएंगे, जबकि दानापुर के दियारा क्षेत्र में 355 एमएलडी और सुकवारपुर में 350 एमएलडी क्षमता का जलशोधन संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा करीब 1,980 किलोमीटर लंबा जल वितरण नेटवर्क बिछाया जाएगा, 45 नई जलमीनारों का निर्माण होगा और 13 अर्धनिर्मित जलमीनारों को पूरा किया जाएगा।

कैबिनेट ने नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार के लिए 1,295 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को भी मंजूरी दी है, जिस पर 718 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नालंदा में 565 एकड़ जमीन पर 383 करोड़ रुपये, समस्तीपुर में 480 एकड़ के लिए 262 करोड़ रुपये और शेखपुरा में 250 एकड़ के अधिग्रहण पर 63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा ग्राम कचहरियों का सालाना प्रशासनिक खर्च चार हजार रुपये से बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने की मंजूरी दी गई है, जो एक अप्रैल 2027 से लागू होगा।

राज्य की सकारात्मक छवि और निवेश की संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए बिहार फाउंडेशन के माध्यम से 'बिहार है तैयार' अभियान शुरू किया जाएगा। इसका प्रचार-प्रसार और मीडिया प्रबंधन रेडिफ्यूजन एजेंसी संभालेगी, जो एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक काम करेगी। उद्योग विभाग फरवरी 2027 में बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का आयोजन करेगा, जिसका प्रचार-प्रसार भी इसी एजेंसी के जिम्मे होगा।