बिहार मंत्रिमंडल ने बुधवार को हुई बैठक में सरकारी अस्पतालों में रेडिएशन सुरक्षा के लिए मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी अफसरों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने कई अन्य योजनाओं और प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई है।
सरकारी अस्पतालों में एक्स-रे, सीटी स्कैन और कैथ लैब जैसी रेडिएशन आधारित जांच एवं उपचार प्रक्रियाओं को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को रेडिएशन के संभावित दुष्प्रभावों से बचाने के लिए ये विशेषज्ञ नियुक्त किए जाएंगे। बैठक में बिहार मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा (भर्ती एवं सेवा शर्त) संवर्ग नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई। मंत्रिमंडल ने बिहार प्रोस्थेटिक एवं आर्थोटिक्स गैर शैक्षणिक संवर्ग नियमावली-2026 के गठन को भी स्वीकृति दी है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में इन तकनीकी पदों पर भर्ती, प्रोन्नति और सेवा शर्तों के प्रावधान तय होंगे।
राज्य के सभी 38 जिलों में पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी। हाईब्रिड मोड में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। इस योजना पर सालाना 31.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। झंझारपुर पथ प्रमंडल के अंतर्गत 39.21 किलोमीटर लंबी मधेपुर-तुमरिया-अंधराठाढ़ी-रामपुर-भूपट्टी सड़क के चौड़ीकरण के लिए 192.94 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। सड़क की मौजूदा चौड़ाई 3.75 से 5.50 मीटर से बढ़ाकर सात मीटर की जाएगी।
मंत्रिमंडल ने प्रखंड अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पदाधिकारी के 17 पदों के सृजन को मंजूरी दी है। पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के विस्तार के लिए 164.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका-2026 को भी मंजूरी मिली है। पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में 17 पदों के सृजन के साथ पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण लिपिकीय संवर्ग नियमावली-2026 को स्वीकृति दी गई। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आइजीआइएमएस), पटना के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में 64 पदों के सृजन को भी मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार से जुड़ी विभागीय व्यवस्था मजबूत होगी।
