सफाई कर्मियों के वेतन में कटौती और पीएफ जमा न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ अब जांच, पेनाल्टी और मुकदमे की कार्रवाई होगी। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (भारत सरकार) के सदस्य मनोज कुमार वाल्मीकि ने रांची में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थानों के निरीक्षण में कई गंभीर मामले सामने आए हैं। नगर निगम सहित कुछ स्थानों पर सफाई कर्मियों का 40 माह तक पीएफ जमा नहीं होने की शिकायतें मिली हैं। ऐसे मामलों के समाधान और जवाबदेही तय करने के लिए 15 जनवरी की गाइडलाइन निर्धारित की गई है।

आयोग के सदस्य ने कहा कि ठेकेदारों की ओर से कम भुगतान करने या पीएफ का विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सफाई कर्मियों को उनके हक से वंचित नहीं किया जा सकता। भुगतान और पीएफ जमा होने की प्रक्रिया नियमित रूप से जांच के दायरे में रहनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि रेल मंडल में सफाई कर्मियों को मिलने वाले वेतन और पीएफ की अलग-अलग निगरानी के लिए अधिकारी नियुक्त किया जाना चाहिए।

रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने कहा कि सफाई कर्मियों की किसी भी शिकायत पर ठेकेदार के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की जाती है। वेतन या अन्य किसी विषय पर समस्या आने पर एक दिन के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को हर स्तर पर न्याय दिलाने के लिए रेल मंडल तत्पर है।

रांची रेल मंडल में करीब 800 अस्थायी सफाई कर्मियों को नियमित करने से जुड़े सवाल पर आयोग के सदस्य ने कहा कि यह विषय राष्ट्रीय नीति से जुड़ा है और इस पर निर्णय व्यापक नीतिगत स्तर पर लिया जाना है। उन्होंने बीसीएल में 352 स्थायी और 156 अस्थायी सफाई कर्मियों के बच्चों एवं कर्मियों के लिए शाम के समय इच्छानुसार पढ़ाई की सुविधा देने के उद्देश्य से विद्यालय शुरू करने की बात कही। साथ ही रांची में सीसीएल के साथ बैठक कर महर्षि वाल्मीकि कम्युनिटी हॉल के लिए जमीन आवंटित करने का आग्रह करने की जानकारी दी।