पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा इस बार दूसरे दलों से आए नेताओं पर अधिक भरोसा करने की योजना बना रही है। पार्टी संगठन और चुनावी कमेटियों के गठन के बाद अब चुनाव लड़ाने के मामले में भी इस रणनीति पर चलने की तैयारी है। खासतौर से सिख बिरादरी में पैठ बनाने और मालवा क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पार्टी मूल काडर से जुड़े नेताओं की जगह दूसरे दलों से आए नेताओं को तरजीह देने का फैसला कर चुकी है।

राज्य की रणनीति से जुड़े एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन टूटने के बाद पार्टी ने मालवा क्षेत्र में प्रभाव बढ़ाने के लिए यह रणनीति बनाई। तीन दशक तक अकाली दल के साथ गठबंधन के दौरान पार्टी ने साठ फीसदी सीटों की हिस्सेदारी वाले मालवा क्षेत्र से दूरी बनाई रखी थी। पार्टी इस क्षेत्र में अपने संगठन का मजबूत ढांचा तैयार नहीं कर पाई, इसलिए उसे दूसरे दलों से आए नेताओं का सहारा लेना पड़ रहा है। राज्य में सिख चेहरे के तौर पर नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा कोई बड़ा नाम नहीं था और वह भी पार्टी छोड़ गए।

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में राज्य की 117 सीटों पर मतदान होना है। इनमें 34 सीटें अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। किसी भी पार्टी या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए कम से कम 59 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी। मौजूदा 16वीं पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है, इसलिए इससे पहले नई विधानसभा के गठन के लिए चुनाव कराए जाने हैं। मतदान की तारीखों का एलान अभी नहीं हुआ है।

2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था और भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। कांग्रेस को 18, शिरोमणि अकाली दल को तीन और भाजपा को दो सीटें मिली थीं। आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा प्रमुख राजनीतिक दलों के रूप में मैदान में होंगे।