गुरुग्राम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची संशोधन की समय-सारिणी में निर्वाचन आयोग ने बदलाव किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, जिसके लिए सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच जरूरी है।
बदली हुई समय-सारिणी के अनुसार अब दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए 15 दिसंबर तक का समय दिया गया है। वहीं, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा। पहले निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव होने से मतदाताओं को सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार अगर किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है या दर्ज विवरण में कोई गलती है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत 15 दिसंबर तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है। मतदाता सूची का पुनरीक्षण इसलिए किया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों को भी सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनानी चाहिए। मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी नागरिकों से अंतिम सूची के प्रकाशन से पहले अपने नाम और अन्य जानकारियों की जांच कर लेने की सलाह दी गई है।
