केंद्र सरकार ने BS-6 वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) नियमों में बदलाव किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। नए नियमों के तहत नई BS-6 गाड़ियों को तीन साल तक पीयूसी रिन्यू करवाने की जरूरत नहीं होगी, जबकि परिवहन वाहनों को हर दो साल में यह प्रमाणपत्र बनवाना होगा।
छह साल तक पुरानी BS-6 निजी गाड़ियों के लिए भी पीयूसी सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा। छह से दस साल पुरानी गाड़ियों को हर साल और दस साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों को हर छह महीने में पीयूसी बनवाना होगा। हालांकि, BS-6 से पहले के उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों को कोई राहत नहीं दी गई है और उन्हें पुराने नियमों के अनुसार ही प्रमाणपत्र बनवाना होगा।
सरकार ने पीयूसी प्रमाणपत्र की तारीख को लेकर भी जानकारी दी है। यदि प्रमाणपत्र खत्म होने से पहले नया सर्टिफिकेट जारी करवाया जाता है, तो उसकी अवधि नई तारीख से शुरू होगी। यदि यह समाप्ति से 10 दिन पहले शुरू होती है, तो अवधि पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति की तारीख से गिनी जाएगी। समाप्ति के बाद रिन्यू करवाने पर वैधता नई तारीख से शुरू होगी।
केंद्र सरकार के मुताबिक, इन नियमों को केंद्रीय मोटर वाहन में अधिसूचित किया गया है और राजपत्र पर प्रकाशन के साथ ही ये लागू हो गए हैं। नियम लागू होने से पहले जारी किए गए पीयूसी प्रमाणपत्रों की वैधता अपने आप नहीं बदलेगी। ये नियम केवल लागू होने के बाद करवाए जा रहे प्रमाणपत्रों पर लागू होंगे।
