सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अपना स्थापना दिवस यानी रेजिंग डे इस बार मणिपुर के चुराचांदपुर में मनाएगा। एक दिसंबर को होने वाले इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी लेंगे। चुराचांदपुर और राज्य के अन्य हिस्सों में सुरक्षा की नाजुक स्थिति के बीच यह आयोजन किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, समारोह की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों की ड्यूटी लगाई जा रही है। चुराचांदपुर कई वर्षों से हिंसक घटनाओं की चपेट में रहा है, इसलिए वहां चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं। बीएसएफ के शीर्ष अधिकारियों की एक टीम ने इस क्षेत्र का दौरा किया है।
इस संवेदनशील इलाके में परेड में हिस्सा लेने के लिए बीएसएफ के हजारों जवान भेजे गए हैं। परेड में जवानों के अलावा बल का ऊंट दस्ता, घोड़े, स्निफर डॉग और तोपखाना भी चुराचांदपुर ले जाया गया है। सूत्रों ने बताया कि ट्रेनिंग और ऑपरेशनल क्षेत्रों के जवानों को भी मणिपुर में तैनात किया गया है।
बता दें कि पिछले साल यह समारोह 21 नवंबर को गुजरात के भुज में आयोजित किया गया था, जहां गृह मंत्री शाह ने परेड की सलामी ली थी। 2024 में बीएसएफ का 60वां स्थापना दिवस राजस्थान के जोधपुर में आठ दिसंबर को मनाया गया था। इससे पहले 59वां स्थापना दिवस समारोह झारखंड के हजारीबाग में आयोजित किया गया था। केंद्र सरकार ने अर्धसैनिक बलों की वार्षिक परेड देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित करने का निर्णय लिया है, ताकि इन बलों और आम जनता के बीच आत्मीयता का संबंध बन सके।