परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पास कराने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें दोनों सदनों में नंबर्स के गणित पर चर्चा हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक बैठक में परिसीमन के बाद 50 फीसदी लोकसभा सीटें बढ़ाने पर मुहर लगाई गई है। सुप्रिया सुले ने यही शर्त रखी थी कि अगर 50 फीसदी सीटें बढ़ाई जाती हैं तो उनकी पार्टी इसका समर्थन कर सकती है। शरद पवार की पार्टी में कुल 8 लोकसभा और 1 राज्यसभा सांसद हैं।
कैबिनेट की बैठक में डीएमके की शर्त भी पूरी की गई है। डीएमके की मांग थी कि 1971 की जनगणना के हिसाब से राज्यों के लिए सांसदों के तय अनुपात को 25 साल के लिए लॉक कर दिया जाए और सभी राज्यों में 50 फीसदी लोकसभा सीटें बढ़ाई जाएं। डीएमके के पास 22 सांसद हैं और वह इंडिया गठबंधन से पहले ही छिटक चुकी है। ऐसे में एनडीए के लिए दोनों विधेयक पास कराना मुश्किल नहीं रह गया है।
विशेष सत्र के ऐलान के साथ ही विपक्ष में हलचल साफ देखी जा रही है। 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाई गई है। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि इस सत्र में क्या-क्या बिल लाया जाएगा, उसकी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संसद में बहुत अहम कार्य होने वाले हैं, ऐसे में सबको जिम्मेदारी के साथ सदन में चर्चा में शामिल होना चाहिए। रिजिजू ने कहा कि चार दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है। 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में और 2 दिसंबर और 3 दिसंबर को राज्यसभा में कार्यवाही चलेगी।
सवाल यह है कि लोकसभा और राज्यसभा में एनडीए को दो तिहाई बहुमत कैसे मिलेगा। लोकसभा में कुल 540 सांसद हैं, यानी दो तिहाई का आंकड़ा 360 होता है, जबकि एनडीए के पास 320 सांसद हैं। अब भी 40 सांसद कम हैं। विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद शरद पवार और स्टालिन का समर्थन तय माना जा रहा है। इसके अलावा कुछ सांसद वोटिंग से दूरी बना सकते हैं, जिसका फायदा बीजेपी को मिलने की बात कही जा रही है। विपक्ष लगातार कह रहा है कि शीत सत्र को खत्म करके इस तरह विशेष सत्र बुलाना असंवैधानिक है।
