कलकत्ता हाई कोर्ट ने शुक्रवार (27 नवंबर) को पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसके तहत ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया था। अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस को 10 दिनों के भीतर इस पर पुनर्विचार का निर्देश दिया है। जस्टिस कृष्ण राव ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मुख्य सचेतक के रूप में अखरुज्जमां की नियुक्ति भी रद्द कर दी है। अब दोनों पदों पर विधानसभा अध्यक्ष को 10 दिनों के अंदर फैसला लेना है।

यह फैसला ममता बनर्जी गुट वाली TMC के नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय की उस अर्जी पर सुनाया गया है, जिसमें उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने को चुनौती दी थी। मुख्य विवाद इस पर था कि अध्यक्ष ने शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने के पहले से तय फैसले को मानने से इनकार कर दिया था और बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष नियुक्त कर दिया था।

TMC (ममता गुट) का दावा है कि शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता विपक्ष बनाने का फैसला पहले ही हो चुका था। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी की TMC की करारी हार के बाद ऋतब्रत बनर्जी ने पार्टी से बगावत कर दी थी और अपना अलग गुट 'डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस' बना लिया था।

याचिका के अनुसार, विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद 6 मई 2026 को TMC मुख्यालय में एक बैठक हुई थी, जिसमें शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने पर मुहर लगाई गई थी। इस बैठक में ऋतब्रत बनर्जी सहित TMC के लगभग 70 नेता मौजूद थे। इसके बाद 19 मई 2026 को TMC सदस्यों के हस्ताक्षरों वाला एक प्रस्ताव स्पीकर को सौंपा गया, जिसमें शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने की पुष्टि की गई थी। साथ ही 6 मई की बैठक में शामिल सदस्यों की उपस्थिति सूची भी स्पीकर को दी गई थी।

इस बीच, ऋतब्रत बनर्जी ने स्पीकर से शिकायत की कि प्रस्ताव पर किए गए कई हस्ताक्षर फर्जी हैं। याचिका के अनुसार, इसके बाद स्पीकर ने तत्कालीन TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करने का निर्देश दिया। उन पर प्रस्ताव में फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप लगाया गया था। इसके कुछ समय बाद, ऋतब्रत बनर्जी 59 अन्य विधायकों के साथ TMC से अलग हो गए और स्पीकर के पास आवेदन देकर खुद को नया नेता प्रतिपक्ष घोषित करने की मांग की। बाद में स्पीकर ने विधानसभा में उनके इस पद को मंजूरी दे दी, जिसे शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी।