आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर केंद्र सरकार के कदम का पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी और महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सभी के लिए विन-विन सिचुएशन है।

नायडू ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए विपक्षी दलों से सवाल पूछा कि आखिर समाधान क्या है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कल तक केरल के सांसद थे और अब प्रियंका गांधी केरल की प्रतिनिधि हैं। इसके अलावा तीन अन्य राज्यों में कांग्रेस सत्ता में है और तमिलनाडु में वह विजय की सरकार को समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर ताजा जनगणना के मुताबिक परिसीमन होगा तो दक्षिण के राज्यों को कुछ नहीं मिलेगा और इस आधार पर दक्षिणी राज्य अपनी आवाज खो देंगे।

तेदेपा प्रमुख ने कहा कि बहुत से लोगों के दिल जल रहे हैं, लेकिन सबसे बेहतर रास्ता यही है कि सीटों में 50 फीसदी का इजाफा हो और महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे हर कोई संतुष्ट होगा। नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बहुत ही असाधारण चीज की है और यह देश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि अगर देश को जीतना है तो महिलाओं का सम्मान करना होगा।

उल्लेखनीय है कि एनडीए के प्रमुख घटक दल तेदेपा के संसद के दोनों सदनों में कुल 18 सांसद हैं, जिनमें लोकसभा के 16 और राज्यसभा के दो सदस्य शामिल हैं। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित संशोधित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने के उद्देश्य से लोकसभा और राज्यसभा की एक दिवसीय विशेष बैठक बुलाई गई है। इस बैठक से पहले नायडू शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से बुलाई गई है।