बिजनौर में भीम आर्मी प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कई सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता में नहीं हैं, वे अहंकार कर रहे हैं। उनकी पार्टी का असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी से गठबंधन हुआ है।
परिसीमन बिल पर चंद्रशेखर ने कहा कि बिल आने पर उसे पढ़कर अपनी बात रखेंगे। पिछली बार उन्होंने बिल का विरोध किया था। पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि अब तक किसी ने संपर्क नहीं किया है। बसपा के वोट बैंक को लेकर उन्होंने कहा कि बात किसी एक नेता की नहीं है, वे पूरे बहुजन समाज की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती और पंचायत सहायकों के मामलों में उन्होंने आंदोलन किया और दिल्ली में छात्रों के आंदोलन में भी खड़े रहे।
जेन Z और जाति की राजनीति पर उन्होंने कहा कि यूपी और भारत की राजनीति में जातियां हैं, उन्हें नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उन्होंने विपक्ष के साथ मिलकर लड़ने की कोशिश की, लेकिन विपक्ष गठबंधन को तैयार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अहंकार में है और अपनी हिस्सेदारी चाहता है, लेकिन दूसरों को हिस्सेदारी देना नहीं चाहता।
ओवैसी की पार्टी को लेकर लगते आरोपों पर चंद्रशेखर ने कहा कि लोकतंत्र में सबको चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने पिछले चुनाव के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष के पास जीत का दावा करने के लिए कोई नया समीकरण नहीं है। अपने मुकाबले के बारे में उन्होंने कहा कि सीधा मुकाबला सामाजिक परिवर्तन मोर्चा और एनडीए के बीच होगा और एंटी-इनकंबेंसी के कारण एनडीए हारेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में 249 सीटों पर दलित और मुस्लिम आबादी 42 से 47 प्रतिशत है और उनका गठबंधन निर्णायक भूमिका में है।
