संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम के गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' की पहली साझा रैली हुई। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी दोनों मंच पर मौजूद रहे। 12 नवंबर को दोनों पार्टियों ने इस गठबंधन का एलान किया था। यूपी चुनाव के मद्देनज़र यह किसी गठबंधन की पहली साझा रैली है। रैली सुबह 11 बजे से तय थी, और सुबह से ही दोनों पार्टियों के समर्थक और कार्यकर्ता मैदान पहुंचने लगे थे। मौके पर चंद्रशेखर के समर्थकों की संख्या अधिक दिखाई दी। मैदान में करीब 26 हज़ार कुर्सियां लगाई गई थीं।

रैली में पहुंचे लोगों ने इस गठबंधन को लेकर अपनी राय रखी। सीतापुर से आए जाटव समाज के 20 वर्षीय आलोक कुमार चौधरी ने कहा कि चंद्रशेखर हर किसी के लिए बोलते हैं और जाति देखकर किसी के लिए आवाज़ नहीं उठाते। मायावती की ओर झुकाव कम होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता अब तक मायावती को वोट करते आए हैं, लेकिन वो अब वैसे सक्रिय नहीं रहीं। फतेहपुर से आई एक महिला ने कहा कि उन्हें चंद्रशेखर में बाबा साहेब दिखाई देते हैं, और वे मायावती की रैली में भी आएंगी, क्योंकि दोनों ही उनके हैं। बलरामपुर से आई एक महिला ने कहा कि मायावती ने भी उनके लिए बहुत कुछ किया है, इसलिए उन्हें भी साथ लेकर चलेंगे।

दोपहर करीब डेढ़ बजे ओवैसी ने अपना भाषण शुरू किया और बीजेपी और समाजवादी पार्टी, दोनों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज जनता से वोट लिया जाता है, लेकिन राज जनता का नहीं होता। उनके मुताबिक़, अगर संविधान कमज़ोर होगा तो प्रदेश में ठाकुर राज और यादव राज हो जाएगा, जिसमें दलित और मुसलमान पिस जाएंगे। ओवैसी के बाद मंच पर आए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अब्दुल अब चटाई नहीं बिछाएगा, उपमुख्यमंत्री बनेगा और उनके बगल में बैठेगा। उन्होंने कहा कि दूसरा डिप्टी सीएम अति पिछड़े समाज से होगा। ओवैसी जहां समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे, वहीं चंद्रशेखर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी से साथ आने की अपील की और कहा कि लड़ाई बीजेपी से है, उनसे नहीं।

समाजवादी पार्टी के गठबंधन न करने पर ओवैसी के एक समर्थक ने नाराज़गी जताई और कहा कि मुस्लिम और दलितों ने ठाना है कि मुख्यमंत्री चंद्रशेखर को बनाना है। उन्होंने सहारनपुर में कथित तौर पर मस्जिद गिराए जाने और ईद की नमाज़ से जुड़े मामलों का ज़िक्र करते हुए कहा कि उस वक्त चंद्रशेखर आज़ाद उनके साथ खड़े हुए थे। वहीं, एआईएमआईएम के एक कार्यकर्ता ने आज़म ख़ान को लेकर नाराज़गी जताई। लखनऊ कैंट से आज़ाद समाज पार्टी के उम्मीदवार अनिकेत धानुक ने दावा किया कि उम्मीद से अधिक लोग रैली में पहुंचे हैं और आने वाले दिनों में ओवैसी और चंद्रशेखर की ऐसी ही रैलियां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भी आयोजित होंगी। दलित राजनीति के जानकार और एक्टिविस्ट अनिल खोटे के मुताबिक़, यह रैली मूल रूप से चंद्रशेखर की ही थी, लेकिन इसमें ओवैसी के समर्थकों और मुस्लिम समुदाय के एक हिस्से की मौजूदगी भी साफ़ दिखाई दी।