नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर में 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर जबरन साइबर ठगी कराने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद सेक्टर-126 थाना पुलिस ने उस पीजी मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है, जहां इन विदेशी नागरिकों को रखा जाता था। जांच में पीजी मालिक की सिंडिकेट में संलिप्तता सामने आई है। पीजी जुलाई में किराए पर लिया गया था और चार महीने से वहां इन नागरिकों को रखा जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, इन विदेशी नागरिकों को एक रिटन स्क्रिप्ट दी जाती थी, जिससे वे अपने ही देश के लोगों से ठगी करते थे। रोजाना रात में कैब के जरिए उन्हें सेक्टर-136 और सेक्टर-143 से सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित पीजी लाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि उन पर कड़ी निगरानी रखी जाती थी और बाहरी लोगों से बातचीत तथा मोबाइल इस्तेमाल की अनुमति नहीं थी। सिंडिकेट ने नोएडा में लाखों रुपये महीने के किराए पर तीन पीजी ले रखे थे।
कार्रवाई के दौरान 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, दर्जनों सिम कार्ड और 150 से अधिक पासपोर्ट बरामद किए गए। जांच में पता चला कि कुछ पुरुषों को महिलाओं की तरह बात करने की ट्रेनिंग दी गई थी, ताकि फोन पर भरोसा जीतकर ठगी की जा सके। इस नेटवर्क में महिलाओं सहित 19 से 25 साल के युवा शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, नेटवर्क में शामिल लोग मलेशिया, इंडोनेशिया और कंबोडिया के युवाओं को बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे और अच्छी सैलरी का लालच देते थे।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक मलेशियाई नागरिक ने ईमेल के जरिए दिल्ली पुलिस को अपने साथ हो रहे शोषण और जबरन साइबर फ्रॉड की जानकारी दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और मानव तस्करी तथा साइबर फ्रॉड के इस बड़े नेटवर्क का पता चला। करीब दो दिन की कार्रवाई में 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया गया, जिन्हें क्राइम ब्रांच अपने साथ दिल्ली ले गई। जांच में सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के दो भारतीय हैंडलर्स की भूमिका भी सामने आई है, जिनके बैंक खातों की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी विदेश भाग गए हैं। नोएडा पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
