कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें UK जाने से रोक दिया गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करके कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट से उनकी रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इमिग्रेशन काउंटर पर ही रोक दिया गया और फ्लाइट में जाने नहीं दिया गया। उनका कहना है कि वे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने जा रहे थे।

आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में 'कॉकरोच मूवमेंट' पर पैनल चर्चा होनी थी, जिसमें शामिल होने के लिए सौरव दास को बुलाया गया था। इस चर्चा का समय दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच तय था। लिस्ट में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और सौरव दास के नाम शामिल हैं। बता दें कि ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है और यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।

सौरव दास ने आरोप लगाया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे, लेकिन उन्हें इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए UK जाने नहीं दिया गया।

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सौरव दास का समर्थन किया है। पार्टी ने सरकार पर शिक्षित लोगों की आवाज दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास का समर्थन करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन ने उन्हें और सौरव दास, दोनों को आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उनका वीजा रिजेक्ट कर दिया गया था और सौरव दास को रोके जाने को शर्मनाक बताया है।