फरीदाबाद के सेक्टर-3 में एक युवक को पाकिस्तान, आईएसआई और आतंकी हाफिज सईद के समर्थन में नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान अनोज कुमार के रूप में बताई जा रही है, जो सेक्टर-3 में रहता है। कुछ लोगों के अनुसार आरोपित ने अपना नाम सुन्नी खान रख लिया था। आरोप है कि उसने अपने घर के सामने खड़े होकर पाकिस्तान और आईएसआई के समर्थन में तथा हिंदुस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। सूचना मिलने पर सेक्टर-3 चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना रविवार सुबह सेक्टर-3 बल्लभगढ़ स्थित सीनियर सिटीजन क्लब के सामने की है। बताया जाता है कि क्लब के सामने आरोपित के परिवार के सदस्य अक्सर अपने वाहन खड़े कर देते थे, जिस पर वहां आने वाले बुजुर्ग ऐतराज जताते थे। रविवार को इसी बात को लेकर आरोपित का बुजुर्गों से फिर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपित ने कथित तौर पर पाकिस्तान और आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। वह यह भी कहता सुनाई दिया कि उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जाए, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। स्थानीय लोगों ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
आरोपित का परिवार मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा का रहने वाला है, लेकिन परिवार छह दशक से सेक्टर-3 में रह रहा है। 47 वर्षीय आरोपित अविवाहित है और परिवार में उसके पिता, भाई व बहन हैं। पिता बृजलाल जिला नगर योजनाकार विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पहले हिंदू धर्म से जुड़ा हुआ था, लेकिन कुछ साल पहले उसने अकेले अपना धर्म बदल लिया और लंबी दाढ़ी रखने लगा। वह मस्जिद भी जाता था।
सेक्टर-3 पुलिस चौकी प्रभारी के अनुसार अनोज कुमार कभी-कभार ऑटो चलाता है और अचानक उत्तेजित हो जाता है। शुरुआती जांच में उसका पाकिस्तान से कोई कनेक्शन नहीं मिला है और उसके पास पासपोर्ट भी नहीं है। पुलिस उसके और परिवार के बैंक खातों की जांच कर रही है तथा परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है।
