खंडवा/ओंकारेश्वर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव हाल ही में खंडवा दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ओंकारेश्वर में दादा गुरु की नर्मदा यात्रा में शामिल होने के साथ ओंकार पर्वत की दुर्गम पहाड़ियों पर स्थित भैरव गुफा में निवास कर रहे अवधूत संत सुखदेव मुनि के दर्शन किए। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे। सीएम ने पथरीले रास्तों को पैदल पार कर गुफा तक पहुंचकर संत को शॉल और श्रीफल भेंट किया।
बताया जाता है कि कठोर साधना और वैराग्य के लिए प्रसिद्ध संत सुखदेव मुनि ने मुख्यमंत्री द्वारा अर्पित शॉल-श्रीफल स्वीकार नहीं किया और न ही कोई प्रतिक्रिया या आशीर्वाद दिया। संत पिछले तीन दशकों से भी अधिक समय से पूर्ण मौन धारण किए हुए हैं और प्रतिदिन सूर्य की ओर मुख करके कठोर तपस्या में लीन रहते हैं। वे न किसी से संवाद करते हैं और न ही किसी के आने-जाने से उन पर कोई प्रभाव पड़ता है।
गजानन आश्रम के सेवादार निःस्वार्थ भाव से उनकी सेवा और देखरेख में जुटे रहते हैं। संत का जीवन प्रकृति की गोद में बिना किसी अपेक्षा या भौतिक सहायता के त्याग और वैराग्य का उदाहरण प्रस्तुत करता है।
