देश में हाई-राइज सोसायटियों में अकेले रहने वाले बुजुर्गों के लिए ‘डिजिटल अरेस्ट’ गंभीर खतरा बन गया है। ठग फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर डराते हैं और उन्हें कमरे में ‘बंद’ रखकर जमापूंजी ऐंठ लेते हैं। दिल्ली-एनसीआर में इस खौफ को खत्म करने के लिए पुलिस, आरडब्ल्यूए और पड़ोसियों ने मिलकर ‘कम्युनिटी शील्ड’ तैयार की है, जिसे ‘बडी सिस्टम’ भी कहा जा रहा है।

नोएडा साइबर सेल के एसीपी विवेक रंजन रॉय के मुताबिक, हर महीने सोसायटियों में डेमो देकर बुजुर्गों को जागरूक किया जा रहा है। आम्रपाली जोडैक आरडब्ल्यूए महासचिव शशि कुमार बताते हैं कि सोसाइटी के 2,200 फ्लैटों में 300 बुजुर्गों को साइबर अलर्ट देने के लिए अलग ग्रुप बनाया गया है। द्वारका फोरम अध्यक्ष सुशील कुमार के अनुसार, बडी सिस्टम के तहत 450 सोसायटियों के व्हाट्सएप ग्रुप में बुजुर्ग और साइबर पुलिस साथ जुड़कर डिजिटल अरेस्ट का डर खत्म कर रहे हैं।

कम्युनिटी शील्ड की मदद से दो मामलों में बुजुर्गों को बचाया गया है। गुरुग्राम निवासी इंजीनियर के. अहलावत ने सोसायटी में बुजुर्गों की देखरेख के लिए युवाओं का ‘बडी सिस्टम’ शुरू किया। हाल ही में 75 वर्षीय बुजुर्ग का फोन लगातार व्यस्त आने और कमरा बंद होने पर उनके युवा ‘बडी’ ने तुरंत बीट कांस्टेबल को अलर्ट दिया। पुलिस समय पर पहुंची और 80 लाख की जमापूंजी बच गई।

द्वारका के एक 68 वर्षीय रिटायर्ड अफसर को वीडियो कॉल कर फर्जी वर्दीधारी ने ड्रग्स पार्सल के नाम पर डराया और कमरे में बंद होने को कहा। अफसर ने ठग से बैज नंबर पूछा और चुपचाप फोन म्यूट कर सुरक्षा ग्रुप में मैसेज भेज दिया। पड़ोसियों के तुरंत पहुंचने पर ठग कॉल काटकर भाग गया और उनकी पेंशन लुटने से बच गई।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ जीतेन जैन और साइबर लॉ विशेषज्ञ डॉ. पवन दुग्गल के मुताबिक, बुजुर्गों को डिजिटल अरेस्ट से बचाने के लिए तकनीक से ज्यादा जागरूकता काम आएगी। उन्हें आमने-सामने बैठाकर साइबर सुरक्षा के तरीके समझाने होंगे। पुलिस के बीट कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर सोसायटियों के अलावा पार्क जैसी सार्वजनिक जगहों पर कैंप लगाकर जागरूक करें, क्योंकि सुबह-शाम यहीं सबसे ज्यादा बुजुर्ग मिल सकते हैं। इस पहल से साइबर एक्सपर्ट और मनोवैज्ञानिकों को भी जोड़ें, जो मौके पर भ्रम दूर करेंगे। एकल परिवारों के दौर में ‘बडी मॉडल’ सिर्फ कुछ सोसायटियों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे पूरे देश में बड़े पैमाने पर लागू किया जाना चाहिए। यह लोगों के लिए कवच बनेगा। साइबर सुरक्षा को अब जीवनशैली और समाज के ‘पड़ोसी धर्म’ का हिस्सा बनाना होगा।