कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को देश में कुपोषण और एनीमिया की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि जब लाखों महिलाएं और बच्चे कुपोषण से जूझ रहे हैं, तो भारत अपने जनसांख्यिकीय लाभांश का लाभ कैसे उठा सकता है। खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने के बाद भी जवाबदेही तय नहीं होने पर सवाल उठाए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा कि मोदी सरकार की अपनी आईसीएमआर-संपदा रिपोर्ट के मुताबिक, प्रजनन आयु वर्ग की 55.9 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। किशोरियों और किशोरों में से लगभग दो-तिहाई में विटामिन बी12 की कमी है, जबकि एक से चार साल की उम्र के 42 प्रतिशत बच्चे एनीमिया से पीड़ित हैं। गुजरात में प्रजनन आयु वर्ग की 66 प्रतिशत महिलाएं और छोटे बच्चों में से 57 प्रतिशत एनीमिया से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का एनीमिया के हल्के मामलों पर जोर देने से इस तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि प्रजनन आयु वर्ग की लगभग 30 प्रतिशत महिलाएं मध्यम या गंभीर एनीमिया से पीड़ित हैं। खरगे के मुताबिक, नवीनतम एनएफएचएस-6 से भी पता चलता है कि लगभग एक-तिहाई बच्चे कम वजन के हैं और हर पांच में से एक बच्चा गंभीर कुपोषण से प्रभावित है।

खरगे ने पोषण योजनाओं के बजट और खर्च पर भी सवाल उठाए। सरकार के वित्तीय रिकॉर्ड का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सक्षम आंगनवाड़ी, पोषण 2.0 और इनसे पहले की योजनाओं के तहत छह वित्तीय वर्षों में 1.13 लाख करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए, लेकिन केवल चार वर्षों में पोषण 2.0 के तहत जारी और इस्तेमाल की गई राशि के बीच 2,500 करोड़ रुपये से अधिक का अंतर रहा। उन्होंने कहा कि मूल पोषण अभियान के तहत जारी की गई लगभग 44 प्रतिशत राशि का इस्तेमाल नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय बजट में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का हिस्सा लगभग आधा रह गया है, जो 2015-16 में 0.96 प्रतिशत था और 2025-26 में घटकर 0.50 प्रतिशत रह गया।

इस बीच, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के सोमवार को जारी संपदा सर्वेक्षण के निष्कर्षों के अनुसार, भारत में एनीमिया का प्रसार पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में दर्ज आंकड़ों से कम है और ज्यादातर आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया के मामले दो प्रतिशत से भी कम हैं। 2023 से 2025 के बीच किए गए इस सर्वेक्षण में 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों के 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया। स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के मुताबिक, सर्वेक्षण में एनीमिया के ज्यादातर मामले हल्के स्तर के पाए गए, जिससे शुरुआती स्तर पर ही हस्तक्षेप और उपचार का अवसर मिलता है।