नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन में पाकिस्तान के पर्यावरण मंत्री मुसादिक मलिक के हिस्सा लेने की घोषणा के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए पूछा है कि ऐसा क्या बदला है कि भारत पाकिस्तान को न्योता भेज रहा है।
भारत ने 28 अक्टूबर को परंपरा के अनुसार SCO के सभी सदस्य देशों को निमंत्रण भेजा था। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उसकी सरकार आपसी सम्मान की भावना के साथ एससीओ के भीतर सभ्यताओं के बीच संवाद और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। समूह में भारत और पाकिस्तान के अलावा चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने रविवार को एक बयान में कहा कि अप्रैल 2025 में बैसरन घाटी में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें धर्म के नाम पर लोगों को चिन्हित कर उन्हें शहीद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 से नवंबर 2026 के बीच कुछ भी नहीं बदला है और पिछले चार दशकों में भी पाकिस्तान का आतंकवाद को लेकर रुख नहीं सुधरा है। तिवारी ने यह भी माना कि SCO सम्मेलन में सभी सदस्य देशों का आना-जाना सामान्य है, लेकिन पाकिस्तान के रवैये पर सवाल खड़े किए।
बता दें कि 26 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी। इनमें अधिकतर पर्यटक थे और आतंकियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर गोलियां बरसाई थीं। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू कर पाक और पाक अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। भारत ने सिंधु जल समझौता भी रद्द करते हुए कहा था कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाए बिना संवाद नहीं होगा।
