हैदराब्दा सांसद असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस के बीच विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा की पत्नी और तेलंगाना कांग्रेस की उपाध्यक्ष कोटा नीलिमा पर ओवैसी की टिप्पणी के बाद कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस नेता और प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने AIMIM प्रमुख ओवैसी पर हमला बोला और महिला कांग्रेस नेता पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की निंदा की।
शमा मोहम्मद ने कहा कि अगर पवन खेड़ा ने ओवैसी के बारे में कुछ कहा था, तो ओवैसी को उन्हें ही जवाब देना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी ने पवन खेड़ा की पत्नी को बीच में लाकर गलत किया और इससे पता चलता है कि वह भारतीय संस्कृति का पालन नहीं करते। कांग्रेस नेता ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी घेरा और कहा कि वह भी इसी तरह महिलाओं पर हमला करते हैं। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के एक पुराने बयान का जिक्र किया।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के सिलसिले में सक्रिय ओवैसी की पवन खेड़ा ने आलोचना की। जवाब में ओवैसी ने एक सभा के दौरान पवन खेड़ा की पत्नी और तेलंगाना कांग्रेस की उपाध्यक्ष कोटा नीलिमा पर निशाना साध दिया। ओवैसी ने कहा था कि हैदराबाद में कांग्रेस के एक महाशय ने बयान दिया है और उन्हें अपने घर की फिक्र करनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि कोटा नीलिमा हैदराबाद में चुनाव लड़ीं और उनकी जमानत जब्त हो गई।
ओवैसी के इस बयान की कांग्रेस पार्टी ने जमकर आलोचना की है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कोटा नीलिमा के खिलाफ की गई टिप्पणियों की निंदा की और इसे अनैतिक बताते हुए बिना शर्त माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि ओवैसी को खेड़ा की आलोचना करने और कांग्रेस के राजनीतिक रुख से असहमत होने का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक हिसाब बराबर करने के लिए किसी महिला की गरिमा का अपमान स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि ओवैसी अपना बयान वापस लें और कोटा नीलिमा से माफी मांगें।
