कांग्रेस ने पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को भारत बुलाने पर नरेंद्र मोदी सरकार से सवाल किए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने शुक्रवार को इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि एससीओ सभ्यता संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तानी मंत्री को बुलाना गलत है। उन्होंने कहा कि उनके स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाना पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक शुक्रवार को भारत पहुंचे। वह यहां अलग-अलग सभ्यताओं के बीच बातचीत पर अपने देश का पक्ष रखेंगे। भारत में शनिवार और रविवार को एससीओ सभ्यता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
बातचीत में श्रीनेत ने कहा कि सवाल यह है कि इस कार्यक्रम में पाकिस्तान को क्यों बुलाया गया, जो देश भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मलिक मुस्कुराते हुए यहां मिल रहे स्वागत का आनंद ले रहे हैं, जबकि कुछ महीने पहले उन्होंने खुलेआम भारतीयों के हाथ काटने और खून बहाने की धमकी दी थी। उन्होंने पूछा कि क्या मलिक को बिरयानी, कबाब और खीर परोसी जाएगी।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार मलिक के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देना जारी रखेगा, तब तक उसके साथ कोई बातचीत संभव नहीं है, जैसा राहुल गांधी ने साफ तौर पर कहा है। श्रीनेत ने मोदी सरकार पर अपना रुख बदलने का आरोप भी लगाया और कहा कि पहलगाम नरसंहार में शहीद हुए लोगों की चिताओं की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई है, और उनके परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा है।