ब्रज क्षेत्र में आगामी चुनावों को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। आगरा से मथुरा तक 2027 की सियासी हलचल बढ़ गई है। भाजपा सुरक्षा, सुशासन और विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, जबकि सपा 'यादव, मुस्लिम और तीसरी जाति' को जोड़कर जीत की कोशिश में जुटी है। जनता में विकास, रोजगार और प्रत्याशियों को बदलने की व्यग्रता देखी जा रही है।
आगरा में 15 नवंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दलित महासम्मेलन में पीडीए के 'डी' को 'दमदार दलित' बताकर सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की। वहीं, 16 और 17 नवंबर को मथुरा के परखम में भाजपा ने सुरक्षा, सुशासन और विकास का एजेंडा लेकर चुनावी रणनीति बनाई। 65 विधानसभा सीटों वाला ब्रज क्षेत्र राजनीति की नई प्रयोगशाला बन रहा है। 2017 में भाजपा ने यहां 57 और 2022 में 53 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
मथुरा में जन्मभूमि के आसपास रहने वाले कुछ लोग इस मुद्दे को दोबारा छेड़ना नहीं चाहते। प्राचीन योगमाया शक्तिपीठ की महंत इंजीनियर वंदना पराशर ने सवाल किया कि भ्रष्टाचार पर राजनीति क्यों नहीं हो रही। वहीं, गीता प्रेस की किताबें बेचने वाले अरुण कुमार गोयल का कहना है कि जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार दर्शन करने आ चुके हैं, वहां सपाई और कांग्रेसी क्यों नहीं आए।
आगरा में सपा लंबे समय से पांव जमाने की कोशिश कर रही है। किसान खाद न मिलने और फार्मर आईडी की व्यवस्था से परेशान हैं, जबकि जिले के 156 कोल्ड स्टोर संचालक लागत मूल्य वापस करने की मांग कर रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में सपा ने भाजपा से बदायूं, आंवला, फिरोजाबाद और एटा सीटें छीन ली थीं। जहां भाजपा जीती, वहां भी पिछले चुनाव की तुलना में 60 हजार तक वोट कम हो गए।
