महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई, पुणे और नागपुर के मेट्रो स्टेशनों के नामकरण और नाम बदलने के प्रस्तावों पर विचार के लिए छह सदस्यीय समिति बनाई है। समिति की अध्यक्षता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सह-अध्यक्ष होंगे। समिति में संबंधित क्षेत्र के सांसद, विधायक और स्थानीय निकाय प्रमुख भी शामिल किए गए हैं।
समिति स्टेशनों के नाम तय करते समय क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व, स्थानीय लोगों की भावनाओं और इलाके की पहचान को ध्यान में रखेगी। इसके साथ ही ऐसे नामों से बचने का प्रयास किया जाएगा जिनसे विवाद खड़ा हो या यात्रियों को भ्रम हो।
नामकरण के प्रस्तावों की जांच पहले मेट्रो एजेंसियां करेंगी। इसके बाद राज्य सरकार की समिति इन प्रस्तावों पर विचार कर अपनी सिफारिश केंद्र सरकार को भेजेगी। अंतिम मंजूरी केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय देगा।