अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजीजू ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस आरोप को खारिज कर दिया, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे क्रिकेट टेस्ट मैच की अंतिम एकादश से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने के पीछे सांप्रदायिक भेदभाव की बात कही गई थी। रिजीजू ने कहा कि भारत में किसी के साथ उसके धर्म के आधार पर न तो भेदभाव किया जाता है और न ही उसे नजरअंदाज किया जाता है।
भाजपा नेता की यह टिप्पणी सहारनपुर से सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के बयान के बाद आई। मसूद ने आरोप लगाया था कि सिराज को टीम में जगह न मिलने की वजह उनका मुस्लिम होना है। उन्होंने चयन प्रक्रिया को भेदभावपूर्ण बताते हुए इसे अन्याय कहा।
कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि सुनील गावस्कर ने भी सिराज के साथ भेदभाव की बात कही है। उनका आरोप था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को मौका नहीं दिया जा रहा, क्योंकि उनका नाम सिराज है। मसूद ने आरोप लगाया कि गौतम गंभीर के टीम इंडिया के कोच बनने के बाद से ऐसा हो रहा है।
इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को भी नहीं बख्शा। भंडारी ने कहा कि जो व्यक्ति भारतीय जर्सी पहनता है, वह भारतीय है।
