देहरादून चिड़ियाघर में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफेद बाघ के बाड़े का उद्घाटन किया। अब चिड़ियाघर आने वाले सैलानी सफेद बाघ को भी देख सकेंगे। इस मौके पर देश के कुछ चुनिंदा बाघों के इतिहास पर भी नजर डाली जा रही है।

भारत का सबसे बड़ा बाघ वाघदोह था, जिसे बिग डैडी के नाम से जाना जाता है। उसकी मौत 2022 में हो गई थी। उसका वजन लगभग 300 किलोग्राम था। वहीं, देश में सबसे पहला सफेद बाघ मध्य प्रदेश में पाया गया था, जिसका नाम मोहन था। रीवा रियासत के राजा मार्तंड सिंह ने 1951 में शिकार के दौरान एक सफेद बाघ पकड़ा था और उसका नाम मोहन रखा था।

कुछ दिनों बाद उन्हें एक सफेद बाघिन भी मिली, जिसका नाम बेगम रखा गया। दोनों को बाद में दिल्ली लाया गया, जहां उन्होंने दस शावकों को जन्म दिया। बताया जाता है कि इस समय पूरे देश में सफेद बाघ मोहन के वंशज हैं।

भारत दुनिया के लगभग 70 से 75 प्रतिशत जंगली बाघों का घर है। देश के 58 टाइगर रिजर्व में कार्बेट टाइगर रिजर्व बाघों की संख्या के मामले में शीर्ष पर है। यहां 2006 में 150 बाघ दर्ज किए गए थे, जिनकी संख्या 2010 में 184, 2014 में 215, 2018 में 231 और 2022 में 260 तक पहुंच गई। कार्बेट में प्रति सौ वर्ग किलोमीटर में 14 बाघ पाए जाते हैं। विश्व में बाघ मुख्य रूप से 13 देशों में पाए जाते हैं।