दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है और शुक्रवार को यह 271 पर पहुंच गया। पिछले कुछ दिनों में प्रदूषण के स्तर में आई इस गिरावट को राजधानी के लोगों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले दिल्ली में प्रदूषण का स्तर अपने चरम पर पहुंच चुका था।
प्रशासन की ओर से वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर भी धरातल पर देखने को मिल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में ये प्रयास और तेज किए जाएंगे। वहीं, प्रदूषण में राहत के बाद दिल्ली में ग्रेप-3 की पाबंदियों को हटा लिया गया है, जबकि ग्रेप-1 और ग्रेप-2 के तहत प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे।
चिकित्सकों ने सर्दी के मौसम में विशेष स्वास्थ्य सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि लोगों को प्रदूषण की वजह से किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। खासकर बच्चों और बुजुर्गों से इस मौसम में स्वास्थ्य को लेकर विशेष रूप से जागरूक रहने को कहा गया है, क्योंकि इस मौसम में सबसे ज्यादा खतरा इन्हीं लोगों को होता है। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम चाहे जैसा भी रहे, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
