दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे में कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पीड़िता ने मंगलवार सुबह थाने पहुंचकर शिकायत दी, जिसके आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक अभी तीन और आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंडावली निवासी 20 वर्षीय युवती कड़कड़डूमा स्थित एक कैफे में काम करती है। सोमवार रात करीब आठ लोग एक-दूसरे के परिचित कैफे में इकट्ठा हुए थे। कैफे रात 11 बजकर 30 मिनट पर बंद हो जाता है, लेकिन एक कर्मचारी के पास चाबी होने के कारण ताला खोलकर देर रात पार्टी की गई। पुलिस के अनुसार सभी लोगों ने कथित तौर पर शराब पी और रात करीब 3 बजकर 30 मिनट पर कैफे से बाहर निकले।
पीड़िता का आरोप है कि कैफे से निकलने के बाद दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि अन्य साथियों ने उनकी मदद की। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एफआईआर में चार युवकों और दो महिलाओं के नाम दर्ज हैं। सीसीटीवी फुटेज में भी युवती एक वाहन में एक युवक और दो महिलाओं के साथ जाती दिख रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता और आरोपी सभी एक-दूसरे के परिचित और मित्र बताए जा रहे हैं। युवती ने मंगलवार सुबह करीब छह बजे प्रीत विहार थाने पहुंचकर देर रात हुई घटना की शिकायत दी, जिसके आधार पर जांच जारी है।
