दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की आइएफएसओ यूनिट ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ से 14 साल के एक किशोर को पकड़ा है। आरोप है कि उसने एआई टूल्स की मदद से एक सरकारी टेस्ट पोर्टल की सुरक्षा में सेंध लगाकर करीब चार हजार अग्निवीरों का डेटा हासिल किया और डार्क वेब पर उसे 500 अमेरिकी डॉलर (करीब 42 हजार रुपये) में बेचने का विज्ञापन डाला।
पुलिस के मुताबिक, जिस पोर्टल को निशाना बनाया गया, वह पूर्व अग्निवीरों को दूसरे सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया टेस्ट पोर्टल था। आरोप है कि किशोर ने एआई टूल्स की मदद से पोर्टल की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाई और जानकारियां डाउनलोड कर लीं। इसके बाद उसने डार्क वेब पर डेटा बेचने का विज्ञापन डाला, जिसमें करीब चार हजार अग्निवीरों का निजी डेटा होने का दावा किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने किशोर के डिजिटल उपकरणों से डेटा बरामद किया है। बरामद डेटा की वास्तविकता की पुष्टि के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अग्निवीरों का आधिकारिक डेटाबेस मांगा गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद जानकारी में वास्तव में कितने अग्निवीरों का डेटा है और उसमें कौन-कौन से विवरण शामिल हैं।
स्पेशल सेल तीन प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर रही है: सरकारी पोर्टल की सुरक्षा में सेंध कैसे लगाई गई, क्या चोरी किया गया डेटा किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचा और क्या डार्क वेब पर किसी ने इस डेटा को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई। पुलिस का कहना है कि आधिकारिक डेटाबेस से मिलान के बाद ही पता चल सकेगा कि बरामद जानकारी में कितने अग्निवीरों का वास्तविक निजी डेटा शामिल है। किशोर से पूछताछ जारी है।
