तमिलनाडु के तिरुवन्नमलाई जिले में एक स्कूल री-यूनियन के दौरान शुरू हुए रिलेशनशिप को लेकर हुए डबल मर्डर में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय गांधी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके एक साथी की हत्या की है। मामले की जांच जारी है।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी संजय तिरुवन्नमलाई जिले के एक स्कूल में पढ़ता था और दोनों मृतक भी उसी स्कूल में पढ़ाई करते थे। स्कूल री-यूनियन के दौरान संजय और मृतका की मुलाकात हुई, जिसके बाद दोनों करीब आने लगे। पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पहले से लड़की ने संजय से दूरी बनानी शुरू कर दी थी, जिसके बाद संजय को लगा कि वह किसी और लड़के से बात कर रही है। पुलिस इस डबल मर्डर के पीछे प्यार और जलन को वजह मान रही है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, जिन दोनों व्यक्तियों की हत्या की गई है, वह आपस में रिश्तेदार थे और घटना स्थल पर एक कैब से आए थे। जैसे ही वे उतरे, वहीं घात लगाकर बैठे संजय ने उनकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह हत्याएं हुईं। पुलिस के मुताबिक, जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा और फिलहाल हर ऐंगल से मामले की जांच की जा रही है।

इस बीच, इस डबल मर्डर के बाद राज्य की राजनीति भी गर्मा गई है। विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सरकार की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री विजय से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी लेने की मांग की है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने तिरुपत्तूर की इस दोहरी हत्या और पिछली रात पल्लावरम में एक अन्य युवक की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता में आने के बाद से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है और उसका ध्यान अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय दूसरों पर दोष मढ़ने और सोशल मीडिया रील्स के जरिए अपनी छवि सुधारने पर ज्यादा है।