मणिपुर में जहरीली स्थानीय शराब पीने से शनिवार को तीन और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या 18 हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को 15 लोगों की जान गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, 1,000 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थौबल जिले के यैरिपोक, चंदेल, काकचिंग, सुगनू और चकपीकारोंग समेत कई इलाकों के लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे आईसीयू में भर्ती हैं।

इस बीच, केंद्र सरकार ने देश में मंजूर दवाओं के पुराने और बिखरे रिकॉर्ड को एक जगह लाने की पहल शुरू की है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) स्वीकृत दवाओं का समेकित राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार कर रहा है। दवा नियामक ने फार्मा कंपनियों और उद्योग संगठनों से 1988 से पहले मंजूर दवाओं के अप्रूवल रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेज मांगे हैं। जानकारी के अनुसार, इस प्रक्रिया में फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन के रिकॉर्ड भी शामिल किए जाएंगे और इनकी मंजूरी व नियामकीय स्थिति का पता लगाया जाएगा।

पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में शनिवार शाम एक घर में आग लगने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और बहू झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है, जबकि घायलों में बेटा ध्रुव (21) और बहू नीति (21) शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे घर की पहली मंजिल पर आग लगी और देखते ही देखते धुआं पूरे घर में फैल गया, जिससे परिवार के सदस्य अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने ध्रुव और नीति को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि सुनीता एक कमरे में फंसी रह गईं।