दिल्ली के उत्तर-पूर्वी हिस्से में फरवरी 2020 में हुए दंगों से जुड़े कथित बड़े साजिश मामले में आरोपी कार्यकर्ता उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा। दोनों ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के जमानत देने से इनकार करने के फैसले को चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट की वाद सूची के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई कर सकती है।

अपनी याचिकाओं में दोनों आरोपियों ने कहा है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है और सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगाई गई एक साल की रोक की अवधि भी समाप्त होने के करीब है। शरजील इमाम की याचिका में कहा गया है कि इस मामले में 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था, जिसमें 18 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है और अभियोजन पक्ष ने 900 से अधिक गवाहों की सूची दी है, जिनमें 47 संरक्षित गवाह शामिल हैं। इमाम ने कहा है कि वह विचाराधीन कैदी के रूप में छह साल और नौ महीने से जेल में हैं, लेकिन अभियोजन पक्ष अब तक एक भी गवाह की गवाही दर्ज नहीं करा पाया है। उमर खालिद ने भी संरक्षित गवाहों की गवाही नहीं होने का मुद्दा उठाया है और कहा है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय एक साल की अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्हें जेल में रखना अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन होगा।

दिल्ली हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को दोनों को यूएपीए के तहत दर्ज मामले में जमानत देने से इनकार कर दिया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि वह न्यायिक अनुशासन से बंधा हुआ है और सुप्रीम कोर्ट के पांच जनवरी के आदेश में बदलाव नहीं कर सकता। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि दोनों आरोपी संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या आदेश की तारीख से एक साल बीतने के बाद, जो भी पहले हो, जमानत के लिए फिर से आवेदन कर सकते हैं। दोनों ने ट्रायल कोर्ट के चार जुलाई के फैसले को भी चुनौती दी है, जिसमें उनकी जमानत याचिकाएं तीसरी बार खारिज की गई थीं। ट्रायल कोर्ट ने कहा था कि उसे सुप्रीम कोर्ट के पांच जनवरी के आदेश का पालन करना होगा।

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट की जनवरी की टिप्पणी का भी उल्लेख किया था, जिसमें शीर्ष अदालत ने कहा था कि उमर खालिद और शरजील इमाम की भूमिका अन्य सह-आरोपियों से अलग थी और वे कथित साजिश के वैचारिक नेतृत्वकर्ता थे। दोनों पर फरवरी 2020 के दंगों की कथित साजिश के मुख्य आरोपियों में शामिल होने का आरोप है। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। हिंसा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), 2019 और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान भड़की थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस मामले की जांच कर रही है। कार्यकर्ता खालिद सैफी और आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत कई अन्य लोगों को भी कथित बड़ी साजिश के मामले में आरोपी बनाया गया है।

शरजील इमाम को इस मामले में 25 अगस्त 2020 को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उमर खालिद की गिरफ्तारी 13 सितंबर 2020 को हुई थी। दो सितंबर 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट की खंडपीठ ने दोनों को जमानत देने से इनकार किया था, जिसके बाद पांच जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था। हालांकि, उसी आदेश में सह-आरोपी गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को राहत दी गई थी। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति एनवी अंजरिया की पीठ ने तब कहा था कि उमर खालिद और शरजील इमाम के खिलाफ यूएपीए के तहत प्रथम दृष्टया मामला बनता है। सुनवाई में देरी की दलील खारिज करते हुए शीर्ष अदालत ने दोनों को संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या एक साल की अवधि समाप्त होने के बाद नई जमानत याचिका दाखिल करने की छूट दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने 22 मई को इसी मामले के स