केंद्र सरकार अप्रैल में संविधान संशोधन और महिला आरक्षण विधेयक लेकर आई थी, लेकिन दोनों सदनों में दो तिहाई बहुमत न मिलने से यह गिर गया था। अब विपक्षी दलों का समर्थन हासिल करने के लिए नए प्रस्तावों के साथ बिल फिर से पेश किया जाना है। अप्रैल के 131वें और अब पेश होने वाले 132वें संविधान संशोधन विधेयक में कई अंतर हैं। एनडीए के सहयोगी दलों के अलावा अन्य दलों को भी साथ लाने के लिए इसमें बदलाव किए गए हैं।

प्रस्ताव में लोकसभा और विधानसभा की 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने की बात है। इसके अलावा 2029 से पहले लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी इजाफा हो सकता है, हालांकि इसकी डेडलाइन लिखित में नहीं दी गई है। पिछली बार विपक्ष ने इस बात पर आपत्ति जताई थी कि सभी राज्यों में पहले से तय अनुपात में सीटें बढ़ाने की बात नहीं कही गई थी। दक्षिण के राज्यों को आशंका थी कि जनसंख्या के हिसाब से उत्तर भारत के राज्यों को फायदा होगा और दक्षिण को नुकसान उठाना पड़ेगा।

नए प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 816 हो जाएगी, जिनमें 35 सदस्य केंद्र शासित प्रदेशों से हो सकते हैं। सभी राज्यों में 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। 131वें संविधान संशोधन विधेयक के दौरान लोकसभा में 528 सदस्य मौजूद थे और दो तिहाई बहुमत के लिए 352 वोट की जरूरत थी, लेकिन 54 वोट कम पड़ गए थे। 2014 में सत्ता में आने के बाद पहली बार कोई विधेयक पेश होकर पास नहीं हो पाया था। इसके बाद सरकार ने नए प्रस्ताव में वे बातें भी शामिल कीं जिनकी मांग विपक्ष कर रहा था।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि परिसीमन विधेयक कब से लागू होगा। जनगणना 2027 की प्रक्रिया चल रही है और नए आंकड़ों के हिसाब से लोकसभा क्षेत्रों का दायरा तय किया जाएगा, हालांकि सीटों की संख्या पहले से 50 फीसदी ज्यादा ही होगी। नए प्रस्ताव में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सीटों की संख्या 2051 तक के लिए तय रहेगी और इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। राज्यसभा की अधिकतम संख्या 250 ही रहेगी।