केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु की डीएमके से सहमति मिलने के बाद 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने विधेयक के समर्थन का ऐलान करते हुए कहा कि अप्रैल वाले बिल में पार्टी ने जो दो शर्तें रखी थीं, दोनों मान ली गई हैं। उन्होंने इसे पार्टी की बड़ी जीत बताया।
स्टालिन ने कहा कि डीएमके उस विधेयक का समर्थन करती है जिसमें निष्पक्ष परिसीमन की मांगों को शामिल किया गया है। पिछले अप्रैल में जिन दो मांगों के कारण पार्टी ने विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है। उन्होंने इसे 2024 से जारी संघर्षों की जीत और तमिलनाडु सहित सभी दक्षिणी राज्यों की जीत करार दिया।
स्टालिन ने बताया कि विधेयक में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सभी मुद्दों की जांच के बाद डीएमके ने सांसदों की बैठक में परिसीमन के इस स्वरूप का समर्थन करने का फैसला किया, जो व्यावहारिक रूप से संभव और पार्टी के लिए फायदेमंद है।
इससे पहले 27 नवंबर की सुबह स्टालिन के आवास पर अहम बैठक हुई, जिसमें संसदीय दल की नेता कनिमोझी और कई वरिष्ठ नेताओं ने मुद्दे पर चर्चा की। स्टालिन ने केंद्र सरकार के सामने दो मांगें रखी थीं—लोकसभा सीटें बढ़ने पर तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम न हो, और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सांसदों की संख्या का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक बना रहे।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बरकरार रहेगा। लोकसभा की 543 सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद संख्या 850 हो जाएगी, जिसमें केंद्रशासित प्रदेशों की 35 सीटें होंगी। डीएमके सूत्रों के मुताबिक, कनिमोझी को प्रस्तावित बदलावों की अनौपचारिक जानकारी पहले ही दे दी गई थी और वह भाजपा व डीएमके के बीच पुल का काम कर रही थीं। 28 नवंबर को पार्टी सांसदों की बैठक के बाद स्टालिन ने समर्थन का ऐलान किया।
