परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार की मुश्किलें कम होती दिख रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने डीएमके की दोनों शर्तें मान लीं। तय हुआ कि सभी राज्यों में समान रूप से 50 प्रतिशत तक लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ेगी। इसके बाद डीएमके के लिए बिल को समर्थन देना आसान हो गया है।

इस बीच बिहार की जहानाबाद लोकसभा सीट से सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव और राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने भी बिल के समर्थन का ऐलान किया है। यादव ने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है और विकास तथा क्षेत्रफल के हिसाब से सरकार पर जिम्मेदारियां और दबाव भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए परिसीमन जरूरी है और इससे जनता तथा जनप्रतिनिधि दोनों को फायदा होगा। सिद्दीकी ने कहा कि परिसीमन होना चाहिए और मनमानी करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गलत है। उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है और इस पर पार्टी में अभी बातचीत नहीं हुई है। उनके मुताबिक परिसीमन प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, राजनीतिक लाभ के लिए नहीं।

अभी तक इस बिल पर कांग्रेस के साथ खड़ी आरजेडी ने आधिकारिक तौर पर अपना स्टैंड साफ नहीं किया है। लोकसभा में राजद के चार सांसद हैं, जिनमें मीसा भारती, सुधाकर सिंह, अभय कुमार सिन्हा और सुरेंद्र प्रसाद यादव शामिल हैं। राज्यसभा में पार्टी के तीन सांसद हैं।

इस बीच राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अगले सप्ताह संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक आने की संभावना के बीच शनिवार को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक यह बैठक सुबह 11:30 बजे खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर होगी, जिसमें इस संभावित विधेयक से जुड़ी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बैठक में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक दलों के सदन के नेता मौजूद रहेंगे, लेकिन द्रमुक, आम आदमी पार्टी और बीजद सहित उन दलों को भी आमंत्रित किया गया है जो सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ नहीं हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हताश हैं तथा लोकसभा में धोखाधड़ी से दो-तिहाई बहुमत हासिल करना चाहते हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने इसे संविधान पर हमला करार देते हुए कहा कि विपक्ष सरकार के इस कदम का पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला करेगा।