अगले संसदीय सत्र में परिसीमन बिल लाने की तैयारी है। इस बिल को लोकसभा में पास कराने के लिए सरकार एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि टीएमसी के 20 बागी सांसद इस विशेष सत्र में वोट डाल पाएंगे या नहीं। इन सांसदों को अयोग्य ठहराने का फैसला अब भी स्पीकर ओम बिरला के हाथ में है। सरकार के लिए जब एक-एक वोट मायने रखता है, तब यह चर्चा लाजिमी है।
परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को संसद में पारित कराने के लिए एनडीए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। डीएमके को मनाने के लिए उसकी दो शर्तें मान ली गई हैं। इस बीच कांग्रेस भी सरकार की इन कोशिशों को विफल करने की तैयारी में जुट गई है और अपने पुराने सहयोगी डीएमके की ओर फिर से दोस्ती का हाथ बढ़ाया है।
तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा डीएमके से नाता तोड़कर जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके के साथ मिलकर सरकार बनाने के बाद से दोनों दलों के संबंध खराब हो चुके हैं। अब कांग्रेस ने रूठे हुए एमके स्टालिन को साधने की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को सौंपी है, जो दोनों के बीच मध्यस्थता कर रही हैं।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर विवादित दीपथून स्तंभ पर शनिवार को पारंपरिक दीपक जलाने का आदेश दिया है। अदालत ने अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर मंदिर का प्रशासन अपने नियंत्रण में ले लिया है और इसके लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है। मंदिर और पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी गई है। पीठ ने निर्देश दिया कि दीपथून पर दीपक जलाने के लिए 24 नवंबर को उचिपिल्लैयार मंडपम में प्रज्वलित दीपक की लौ का इस्तेमाल किया जाए।
